उरीमारी(हजारीबाग): शांति निकेतन विद्यालय बगरैया उरीमारी में फाइलेरिया मुक्ति अभियान के तहत उप-स्वास्थ्य केंद्र बड़कागांव की सहिया दीदी रेशु देवी की देख-रेख में 208 छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया की दवा खिलायी गई।
मौके पर सहिया दीदी रेशु देवी ने बताया कि परजीवी क्यूलैक्स फैंटीगंस मादा मच्छर के काटने से मनुष्य के शरीर में पहुंचता है। ऐसे मच्छर घरों के आसपास नाली, गड्ढों व घर के अंदर रुके हुए पानी में पनपते हैं। ठंड लगने के साथ ही तेज बुखार होना, हाथ-पैर की नसों का फूलना, दर्द होना, जांघ में गिल्टी आना, हाथ, पैर में सूजन आदि इस रोग के लक्षण हैं।
उन्होंने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर रूप से ग्रसित रोग के लोगों को यह दवा नहीं देनी चाहिए। दवा को खाली पेट नहीं खाना चाहिए। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। शरीर पर सरसों अथवा नीम का तेल लगाकर सोएं। सोते समय ऐसे वस्त्रों का प्रयोग करें जिससे शरीर का अधिकांश भाग ढका हो।
मौके पर रूपा देवी, प्रिया हेम्ब्रोम, शैली देवी, विद्यालय के निदेशक नरेश करमाली, प्रधानाध्यापक दिनेश करमाली, पिंटू कुमार, राजू बेसरा, रंजीत करमाली, पूनम सरोज किण्डो, अर्चना कुमारी, सुरज कुमार, संगीता कुमारी, सुशील कुमार, सेवामुनी टुडू, बिनोद हांसदा, पूनम भारती, सुमन हांसदा, बबीता सोरेन, सविता देवी, प्रीति देवी सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।