लातेहार: नगरपालिका चुनाव 2026 के अंतर्गत आगामी 23 फरवरी को मतदान के उपरांत 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी। मतगणना कार्य के सफल और सुचारू क्रियान्वयन के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों के प्रथम चक्र प्रशिक्षण स्थानीय बनवारी साहू महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सामान्य प्रेक्षक योगेन्द्र प्रसाद की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिसमें गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक एवं अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षकों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया।इस दौरान मतगणना टेबल की व्यवस्था, मतपत्रों की जांच प्रक्रिया, अवैध मतों की पहचान, प्रपत्रों का संधारण, परिणाम संकलन एवं घोषणा से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा मतगणना कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
