रांची: गुमला पुलिस और एसएसबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार मंगलवार को हिरनाखांड जंगल में पांच केन बम बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार गुमला पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुमला थाना क्षेत्र के आंजन- हिरनाखांड जंगल में सुरक्षा बलों को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से भाकपा माओवादियों के द्वारा बम बिछाया गया है। 

सूचना के आधार पर गुमला पुलिस और एसएसबी के संयुक्त टीम का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सर्च करने के क्रम में हिरनाखांड जंगल में दो-दो किलोग्राम के कुल पांच जिन्दा केन बम बरामद हुए। बुधवार को झारखंड जगुआर की बीडीडीएस टीम द्वारा सभी बमों को विनष्ट किया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। 

बताया जाता है कि गुमला पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलाया जाता है। जंगल में सर्च ऑपरेशन के क्रम में सुरक्षा बलों को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सली केन बम का उपयोग करते हैं। वहीं पुलिस द्वारा नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने और मुख्यधारा में लौटने की लगातार अपील की जा रही है। 

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!