भारतीय जनता पार्टी ही बचा सकती है आदिवासियों की अस्मिता : चंपाई सोरेन

रांची: सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। धुर्वा के शहीद मैदान में आयोजित अभिनंदन सह मिलन समारोह में केंद्रीय मंत्री सह झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और असम के सीएम सह झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंता विश्व सरमा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

अपने संबोधन में चंपाई सोरेन ने कहा कि संथाल परगना को बचाना है और आदिवासियों का अस्तित्व बचाना है तो एक ही दल भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज भगवा पहनकर रहते थे। वे सम्राज्यवाद के खिलाफ तीर की नोंक पर संथाल परगना बनाकर गये हैं। हम उन पूर्वजों के खून की बूंद हैं और भारतीय जनता पार्टी में रहकर घुसपैठियों को रोक कर दिखाएंगे और संथाल परगना के आदिवासियों को बचाएंगे।

वहीं उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को यदि किसी ने कुचलने काम किया है तो वह कांग्रेस पार्टी है। कोल्हान की धरती पर कांग्रेस ने हमेशा से आदिवासियों पर गोली चलवाया है। हमने भारतीय जनता पार्टी को इसलिए चुना है क्योंकि आज सिद्दो-कान्हू की धरती संथाल परगना को बचाना है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा सहित कई नेता शामिल रहे।

अब पति-पत्नी की पार्टी बन गई है झारखंड मुक्ति मोर्चा:  शिवराज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिन्होंने बागबान की तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा को सींचा, उन्हें अपमानित करने का काम किया गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा सबकी नहीं, बल्कि पति-पत्नी की पार्टी बनकर रह गई है।

By Admin

error: Content is protected !!