रांची: लातेहार पुलिस ने माओवादी कमांडर छोटू खरवार की हत्या के आरोप में दस्ते का एक सदस्य सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में नक्सली दस्ते का सदस्य पूरन परहिया, बिशेश्वर भुईयां, बालेश्वर भुईयां और नूर मोहम्मद शामिल हैं। सभी नवाडीह के रहनेवाले हैं। जबकि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
इस संबंध में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बीते 27 नवंबर को भीमपांव जंगल से नक्सली छोटू खरवार का शव बरामद किया गया था। मामले में डीएसपी भरत राम के नेतृत्व में टीम का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया। इस क्रम में छानबीन करते हुए नक्सली पूरन परहिया को गिरफ्तार किया गया। उसके बयान के आधार पर बिशेश्वर भुईयां, बालेश्वर भुईयां और नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के पास से एके 47 का मैगजीन और कारतूस बरामद किया गया।
एसपी ने कहा कि नक्सलियों के बीच पैसे को लेकर हुए विवाद और वर्चस्व के संघर्ष में छोटू खरवार की हत्या हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर को ही छोटू खरवार की हत्या कर दी गई थी। जबकि 26 नवंबर की रात उसके शव को जंगल में फेंक दिया गया था।