रामगढ़: पतरातु प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के अंतर्गत गरिमा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। अवसर पर पतरातु प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि गरिमा केंद्र महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और सहयोगी मंच सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक, कानूनी और आर्थिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह और लैंगिक असमानता जैसी समस्याओं से निपटने हेतु परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक (सामाजिक विकास) सौरभ प्रसाद ने कहा कि गरिमा केंद्र महिलाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में महिलाओं को कानूनी परामर्श एवं सहायता, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न एवं भेदभाव से संबंधित मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं एवं महिला अधिकारों की जानकारी, रेफरल सर्विस और अस्थाई आवासीय सुविधा भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में पतरातू मुखिया गिरिजेश कुमार, कटिया मुखिया किशोर कुमार महतो, विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र झा, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार, ललिता देवी, उषा देवी, सीमा देवी एवं जेंडर सीआरपी सहित अन्य उपस्थित थे।