रामगढ़: पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शुक्रवार को पतरातू का दौरा किया। विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक पतरातू स्टेशन पहुंचे। उनके साथ धनबाद मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा और कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। उनके आगमन पर पतरातू रेलवे के अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करनेवालों में स्टेशन प्रबंधक कृष्णा राम समेत पीके मुखोपाध्याय, विनय कुमार, एस तिवारी, गौरी शंकर सोय, बी बड़ाइक, सुमित कुमार शामिल रहे।

पतरातू स्टेशन का अवलोकन करते हुए महाप्रबंधक डीजल लोकोमोटिव शेड पहुंचे। जहां उन्होंने शेड कर्मचारियों द्वारा पूरी तरह से दुरूस्त किए गए एक पुराने लोकोमोटिव का विधिवत नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। कर्मचारियों ने बताया कि यह लोकोमोटिव कोरोना संक्रमण काल से बिगड़ा हुआ था। जिसकी मरम्मती कर परिचालन योग्य बना दिया गया है।

इसके उपरांत महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने पूरे शेड का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निर्माणाधीन नये शेड का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं शेड के गेट पर डीजल कॉलोनी की महिलाओं ने महाप्रबंधक से मुलाकात करते हुए उन्हें पानी, सड़क और साफ-सफाई सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया। जिसपर महाप्रबंधक ने उचित पहल का भरोसा दिलाया।
मौके पर अनिल कुमार सिंह, निशांक पटेल, एमएम अंसारी, अजित कुमार, पीके वर्मा, शंकर दयाल दास, पारस कुमार, राम कुमार, शम्भू कुमार समेत आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह, सीनियर एएसआई सोनू कुमार सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।
