गिरिडीह: मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने गांवा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार और परीक्षा कक्षों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें और उनकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश सख्ती से प्रतिबंधित रहे। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि सख्त निगरानी के साथ नकल मुक्त एवं निष्पक्ष परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

बताया जाता है जिले में मैट्रिक परीक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या 40,827 है। जबकि, इंटर परीक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या 27,137 है। साथ ही मैट्रिक परीक्षा को लेकर कुल 95 केंद्र एवं इंटर परीक्षा के लिए 63 केंद्र बनाया गया है।

By Admin

error: Content is protected !!