गिरिडीह: उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने गुरुवार को कार्यालय कक्ष में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर बैठक की। जिसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के समस्त सरकारी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर पीएम सूर्यघर योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल ऊर्जा संरक्षण में सहायक है, बल्कि सरकारी विद्युत बिल में भी कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाएगी। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने प्रखंडों के पंचायतों एवं गांवों में योजना का व्यापक प्रचार‑प्रसार करें और पात्र लाभुकों को इससे जोड़ने के लिए प्रभावी भूमिका निभाएं। पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सोलर ऊर्जा के लाभ, खुद की बिजली उत्पादन की संभावना एवं दीर्घकालिक बचत की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने यह भी जानकारी दी कि जिन पंचायतों एवं गांवों में योजना का उत्कृष्ट एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, उन्हें केंद्र सरकार की तरह से एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, जो आधारभूत संरचना एवं जनहितकारी कार्यों में सहायक होगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को आवेदन पोर्टल www.pmsuryghar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने तथा बैंक खाता विवरण देकर सब्सिडी या वित्तीय लाभ सीधे खाते में प्राप्त करने की प्रक्रिया से परिचित कराने के निर्देश जारी किए गए। बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए गिरिडीह जिले को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक आदर्श मिसाल बनाने की अपील की।

By Admin

error: Content is protected !!