गिरिडीह: गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हाटांड़ गांव के निकट जंगल में संचालित साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार को साइबर ठगी करनेवाले गिरोह के संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। उनके निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो साइबर अपराधियों को अमजद अंसारी (29 वर्ष) और रजाउल अंसारी (40 वर्ष को गिरफ्तार किया। दोनों देवघर जिला अंतर्गत मारगोमुंडा थाना अंतर्गत बनरसिंही गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी APK फाइल जैसे RTO e-challan, RTO challan check now और IndusInd Bank e-KYC update के नाम पर लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
इस संबंध में साइबर डीएसपी आबिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले को लेकर साइबर थाना में कांड संख्या 10/2026 दिनांक 29.03.2026 को दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जांच जारी है। अभियुक्तों के पास से 6 मोबाइल, 4 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त किया गया है।
छापामारी दल में शामिल साइबर थाना प्रभारी गिरिडीह दिनेश कुमार, सहित पुनीत कुमार गौतम, गुंजन कुमार, संजय मुखियार सदलबल शामिल थे।
