घायल किशोरी रिम्स में भर्ती, पुलिस ने वाहन किया जब्त
रांची: बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़मू-रातू मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह सड़क दुघर्टना में 14 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आकर उसका दायां पैर शरीर से अलग हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गुरूगाई गांव निवासी मिठू कुमारी पिता बुतरू साहू पानी लेने के लिए मुखिया जयंती देवी के घर के पास लगे चापानल के पास गई थी। पानी लेकर वापस लौटने के क्रम में सुबह करीब 6:30 बजे भागीवीर बैंक मोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उसके चपेट में लेते हुए पलट गया। दुर्घटना में मिठू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका दायां पैर शरीर से अलग हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर ठाकुरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।
बताया जाता है कि मिठू कुमारी आदिवासी बाल विकास विद्यालय ठाकुरगांव में 9वीं कक्षा की छात्रा है। घटना के बाद वाहनों के तेज रफ्तार को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।

