ढोलिड़ा ढोल रे वागाड़, मारे हिच लेवी छे…

रामगढ़: सयाल दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार को महाष्टमी पर संध्या आरती हुई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे और प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत दुर्गा मंडप परिसर में डांडिया नाइट का भव्य आयोजन हुआ। सयाल युवा संघ समिति के तत्वावधान में आयोजित रंगारंग डांडिया नाइट में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अवसर पर मां दुर्गा के भक्तिभाव से ओत-प्रोत महिलाएं और युवतियां डांडिया के साथ गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं नवरात्रि के उमंग और उत्साह से लबरेज बालिकाएं भी गरबा करती दिखीं।

रांची से पहुंचे डीजे साइकिक और एंकर अफसा ने डांडिया नाइट को और भी जानदार बना दिया। इस दौरान “ढोलिड़ा ढोल रे वागाड़, मारे हिच लेवी छे”, “छम-छम-छम” सहित गरबा के अन्य लोकप्रिय गीतों ने अनोखा शमां बांध दिया। वहीं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने डांडिया नाइट का भरपूर आनंद उठाया और मां शेरावाली से सुख-शांति की कामना की।

कार्यक्रम में समाजसेवी निशी पांडेय, पूर्व जिला परिषद सदस्य अर्चना देवी, समाजसेवी पम्मी कुमार, गौरी देवी, सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र के एसओपी की धर्मपत्नी बबीता देवी, बिरसा परियोजना पदाधिकारी की धर्मपत्नी पुष्पा पांडेय, उरीमारी परियोजना पदाधिकारी की धर्मपत्नी मधुमति सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल रहे।

आयोजन को सफल बनाने में सयाल युवा संघ समिति के दीपू सिंह, पिंटू सिंह, छोटन सिंह, पिंटू राय, शशि कुमार दुसाध, रवि सिंह, बिरदा कुमार, रौशन कुमार, पिंटू मुंडा, गणेश यादव, अंकित कुमार, अनिल, अजीत सिन्हा, अजीत सिंह सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।