रामगढ़: भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पटेलनगर बैंक मोड़ के निकट शनिवार को अनियंत्रित हाइवा ने बारात से लौटते दूल्हे को चपेट में ले लिया। जिससे दूल्हा घायल हो गया। परिजन आननफानन में उसे स्थानीय निजी अस्पताल ले गये जहां उसका उपचार किया गया। दूल्हे के सिर में काफी चोट आई है। वहीं घटना में दूल्हे की गाड़ी को भी क्षति पहुंची है।
मिली जानकारी के अनुसार सेंट्रल सौंदा में विवाह संपन्न होने के बाद शनिवार की सुबह गोला निवासी दूल्हा विवेक कुमार दुल्हन के साथ होंडा सिटी कार (JH 01 2205) पर अपने घर लौट रहा था। पटेलनगर बैंक मोड़ के निकट सड़क किनारे कार खड़ी कर ड्राइवर एक दुकान में गया। जबकि दूल्हा कार से बाहर निकल सड़क किनारे खड़ा था।
इस दौरान एक अनियंत्रित 14 चक्का हाइवा ने कार को रगड़ते हुए दूल्हे को चपेट में ले लिया। आननफानन में परिजन घायल दूल्हे को इलाज के लिए राज नर्सिंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया गया। वहीं दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर निकल गया। परिजन घटना के संबंध में साफ तौर पर कुछ भी बताने से कतरा रहे हैं। वहीं सड़क पर बेतरतीब ढंग से चलते बड़े वाहनों को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है।
