मुआवजे की मांग को लेकर बड़कागांव-हजारीबाग सड़क किया जाम
बड़कागांव: हजारीबाग मार्ग स्थित टीपी 5 मोड़ के समीप लगभग साढ़े बारह बजे त्रिवेणी सैनिक के कोयला लदा हाईवा (जेएच 02 बीजे 3740) ने नई टाटा मैजिक वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके कारण टाटा मैजिक में सवार ड्राइवर सहित 2 लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक लाइट एंड साउंड सिस्टम लौटकर ढेंगुरा से कंडाबेर जा रहा था कि रास्ते में हाईवा ने उसे चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि टाटा मैजिक की सामने का फेस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का गेट को सब्बल से तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घटना में ड्राइवर मो. साबिर (40 वर्ष) को माथा, कमर और पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं मो. सोनू (35 वर्ष) को गले में शीशे से कटने के कारण भारी मात्रा में रक्त स्राव हो गया। इसके अलावा मो. अफरोज (18 वर्ष) को चेहरे में चोट आई है। घायलों को बड़कागांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।
घटना को लेकर गुस्साएं ग्रामीणों ने बड़कागांव हजारीबाग मार्ग को जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। घटना को गंभीरता से देखते हुए पुलिस प्रशासन घटनास्थल पहुंची। जहां प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण अपने मांगों पर अड़े रहे। जिसके बाद घटनास्थल पर त्रिपक्षीय वार्ता हुई। जिसमें कंपनी के द्वारा टाटा मैजिक वाहन की मरम्मती एवं घायलों को समुचित इलाज कराने का भरोसा दिलाया गया। वार्ता में मिलें आश्वासन के बाद करीब साढ़े तीन बजे सड़क जाम हटा लिया गया।
वार्ता में मुख्य रूप से बड़कागांव थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एसआई प्रदीप कुमार, त्रिवेणी सैनिक के अधिकारी एवं मुखिया संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार, पूर्वी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार साव, ढेंगुरा के पंचायत समिति सदस्य मकसूद आलम, उप मुखिया खुर्शीद आलम सहित कई लोग मौजूद थे।