पारसनाथ पहाड़ को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने की मुहीम शुरू 

गिरिडीह: बाहा पर्व  के पावन अवसर पर पारसनाथ पहाड़ (मरांग बुरु) को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु “हर दुकान दस्तक अभियान” की शुरुआत की गई। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में शस्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत, यूनिसेफ के सहयोग से मधुबन पंचायत क्षेत्र में “हर दुकान दस्तक अभियान” का शुभारंभ किया गया।

पारसनाथ पहाड़ (मरांग बुरु) जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण को रोकना समय की आवश्यकता है, ताकि प्राकृतिक पर्यावरण, वन्य जीवन एवं स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके। बताया जाता है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ एवं अस्थायी दुकानों के माध्यम से होने वाले सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित करना है।

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की जल सहियाओं तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की आजीविका समूह की दीदियों द्वारा दुकान-दुकान जाकर सभी दुकानदारों एवं व्यवसायियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके स्थान पर कपड़े के थैलों, जूट बैग तथा सखुआ पत्ते से बने दोना-पत्तल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही होटल संचालकों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सूखा एवं गीला कचरा पृथक-पृथक रखने के लिए जागरूक किया गया।

By Admin

error: Content is protected !!