लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कराई जाएगी तीर्थ यात्रा

पूरा होगा वरिष्ठ नागरिकों के तीर्थ यात्रा का सपना : मनीष जायसवाल 

हजारीबाग: सांसद मनीष जायसवाल बतौर सांसद एक वर्ष पूरे होने पर आगामी 29 जून से सांसद तीर्थ दर्शन योजना 2025 की शुरुआत करेंगे। जिसके तहत हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के वरीष्ठ नागरिकों को नि: शुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। तीर्थ यात्री काशी, अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल की यात्रा कर सकेंगे। 

इस संबंध में सांसद मनीष जायसवाल ने अपने सेवा कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि सांसद तीर्थ दर्शन-2025 योजना का उद्घाटन आगामी 29 जून को सुबह को 11 बजे कटकमदाग प्रखंड के नृसिंह स्थान से तीर्थ यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना कर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह योजना दीर्घकालीन होगी। जिसमें प्रतिमाह छह जत्थे रवाना होंगे। प्रत्येक जत्थे में 65 तीर्थ यात्री शामिल होंगे। यात्रा एसी बस पर निकलेगी। जिसमें 45 सीट और 20 स्लीपर होंगे।  हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच पंचायतों के आधार पर योजना क्रियान्वित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा भोजन खर्च, मंदिर आने जाने ट्रैवलिंग खर्च और प्रसाद छोड़कर पूरी तरह निःशुल्क होगी। प्रवास और भोजन के व्यवस्था के साथ तीर्थ स्थलों के सुलभ दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से वार्ता चल रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा हजारीबाग से प्रारंभ होकर काशी पहुंचेगा, दिनभर यात्री विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना करने के उपरांत रात में यात्रा कर अगले दिन अयोध्या पहुंचेंगे अयोध्या में विभिन्न धार्मिक स्थान एवं आरती- दर्शन के उपरांत अगले दिन प्रयागराज संगम पहुंचेंगे इसके बाद विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी की पूजा- अर्चना करने के बाद यात्रा वापस हजारीबाग पहुंचेगी। श्रद्धालुओं के चयन प्रक्रिया से लेकर उन्हें तीर्थ दर्शन कराने में सांसद सेवा कार्यालय की टीम तत्पर रहेगी। प्रत्येक ट्रिप में संबंधित क्षेत्र के पांच भाजपा कार्यकर्ता साथ जाएंगे। प्रथम चरण में श्रद्धालुओं के उम्र सीमा 60 साल तय की गई है।

मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा सांसद तीर्थ दर्शन–2025 योजना की शुरुआत मेरे लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि वरिष्ठ जनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक प्रयास है। यह आध्यात्मिक यात्रा काशी, अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल जैसे पावन स्थलों तक ले जाएगी, जिससे हमारे बुजुर्गों को न केवल धार्मिक शांति मिलेगी, बल्कि उनके जीवन में आत्मिक संतोष भी आएगा। उन्होंने इस महत्ती योजना के उद्घाटन सह प्रथम जत्थे के रवानगी के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों को उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक समारोह को सफल बनाते हुए इस सुखद पल का गवाह बनने का अपील किया। 

अहमदाबाद विमान हादसे के मृतकों के लिए जताया गहरा शोक

सांसद मनीष जायसवाल ने प्रेस वार्ता की शुरुआत गुरुवार को   अहमदाबाद विमान हादसे की  हृदयविदारक घटना से किया और कहा कि यह अत्यंत ही व्यथित कर देने वाली बेहद दुखद घटना है। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले समस्त यात्रियों को हम विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की अदम्य शक्ति प्रदान करने की कामना की साथ ही कहा कि पूरा देश इस क्षति से मर्माहत है और शोक की इस घड़ी में हम सब एकजुट हैं। यह घटना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक और अविस्मरणीय है।

ये रहे मौजूद

मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य के.पी. ओझा, अशोक यादव, टुन्नू गोप, सुदेश चंद्रवंशी, जिला पदाधिकारी दामोदर सिंह, रेणुका साहू, जय नारायण प्रसाद, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकरण पांडे, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष इंद्र नारायण कुशवाहा, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश सिंह राठौर, नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष विवेक बैरियर, मांडू विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि खोखा सिंह, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, सांसद सेवा कार्यालय कर्मी विजय वर्मा, रूपम ओझा, विशेषांक वर्मा, राजेश कुमार, अमन कुमार, प्रबीर मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

By Admin

error: Content is protected !!