| कटकमदाग, लोहसिंघना और इचाक थाना क्षेत्र में चला अभियान |
ब्राउन शुगर, गांजा, कार, बाइक, नकद रुपये सहित कई सामान जब्त
हजारीबाग: पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन थाना क्षेत्र से 14 ड्रग्स पेडलरों को गिरफ्तार किया है। अभियान जिला अंतर्गत कटकमदाग, लोहसिंघना और इचाक थाना क्षेत्र में चलाया गया है। अभियान में पुलिस ने कटकमदाग थाना क्षेत्र से 6, लोहसिंघना थाना क्षेत्र से 3 और इचाक थाना क्षेत्र से 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने कुल 135.72 ग्राम ब्राउन शुगर और लगभग 2 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अभियुक्तों के पास से पुलिस ने कुल 3 कार, 7 बाइक, 64 हजार 160 नकद, 17 मोबाइल, दो मादक पदार्थ तौलने की मशीन जब्त की है।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुलताना गांव के पास छापेमारी कर 111.72 ग्राम ब्राउन शुगर, 17 हजार 160 रुपये, दो बाइक, एक स्विफ्ट कार, सात मोबाइल और ब्राउन शुगर तौलने की दो मशीनें बरामद की गई। अभियान में हजारीबाग जिला निवासी मो. आफताब, मो. जुबैद उर्फ शाहरुख, सरोज कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कारोबार में संलिप्त चतरा निवासी उदय कुमार उर्फ नवल दांगी, पवन राज वर्मा और हजारीबाग निवासी राहुल कुमार मेहता की गिरफ्तारी की गई है।
लोहसिंघना थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने पुलिस ने चतरा निवासी आदित्य यादव, उत्तर प्रदेश निवासी साहब सिंह उर्फ साबी और उत्तराखंड निवासी गुरनाम सिंह उर्फ सोडी को गिरफ्तार किया। जिनके पास से पुलिस ने 17 ग्राम ब्राउन शुगर, लगभग दो किलोग्राम गांजा, 47 हजार रुपये, एक सफारी वाहन, एक ब्रेजा कार, तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
वहीं इचाक थाना क्षेत्र में छापेमारी के क्रम में पुलिस ने हजारीबाग जिला के ही रहनेवाले इरफान अंसारी, बबलू कुमार, एहसास खान, विशाल कुमार राणा और मो. वसीम को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 7 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद करते हुए 7 मोटरसाइकिल जब्त किया है।
अभियान में गिरफ्तार इरफान अंसारी और बबलू कुमार का आपराधिक इतिहास बताता जाता है। छापेमारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल शाहिद रजा, कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार सदलबल शामिल रहे।
