हजारीबाग: राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। संत कोलंबा महाविद्यालय हजारीबाग के छात्र अभिषेक रंजन को वर्ष 2021-22 के दौरान उच्च कोटि सामाजिक कार्यों के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय पुरस्कार से आज 29 सितंबर 2023 को राजभवन नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के कर कमलों से सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व भी अभिषेक रंजन वर्ष 2021 में कर्तव्य पथ में आयोजित होने वाले भव्य गणतंत्र दिवस परेड में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना के मार्चिंग दस्ते का हिस्सा भी रह चुके हैं।

अभिषेक रंजन सिंघानी हजारीबाग के निवासी हैं, माता कलिंदा भारती और पिता रंजीत प्रसाद से प्रेरणा प्राप्त कर स्नातक के पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े और बहुमुखी प्रतिभा के धनी होने के साथ और सामाजिक कार्यों के प्रति उनके समर्पण के भाव से प्रभावित होकर विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय एकीकरण शिविर 2020, जयपुर के दल में शामिल किया। कोरोना काल में भी जरूरतमंदों की सेवा के साथ अवसाद से मुक्ति के लिए विद्यालय के कई महाविद्यालयों के साथ मिलकर विश्वविद्यालय, राज्य और राष्ट्र स्तर के ऑनलाइन कार्यक्रमों के आयोजन में अपनी तकनीकी दक्षता का सहयोग प्रदान किया।

अभिषेक रंजन अपने महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के टीम लीडर होने के साथ कई महाविद्यालयों के स्वयंसेवकों के भी सारथी बने। शिक्षित भारत अभियान, डिजीटल इंडिया, आदिम जनजातीय कल्याण,दहेज मुक्त विवाह एवं खोए हुए बच्चों के रेस्क्यू में उनका अहम योगदान रहा।

अवसर पर कुलपति सह उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल आयुक्त सुमन कैथरीन किस्पोट्टा ने अभिषेक के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की है। अभिषेक रंजन की उपलब्धि से पूरे विश्वविद्यालय में उत्सव जैसा माहौल है।

वहीं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. जॉनी रूफीना तिर्की ने बताया की अभिषेक रंजन सौम्य व सरल होने के साथ श्रमदान व सामाजिक कार्यों में निस्वार्थ भाव से लगा रहता है। अभिषेक को उसके लगन और प्रयासों के फलस्वरूप यह सम्मान मिला है।

यह भी पढे़ं –चोरों ने दुकान का एजबेस्टस उखाड़ 1.5 लाख का सामान उड़ाया

अभिषेक रंजन को बधाई देने वालों में छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष डॉ मिथिलेश कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. कौशलेंद्र कुमार, संत कोलंबा महाविद्यालय हजारीबाग के प्राचार्य डॉ. विमल रेवन, विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यालय में कार्यरत रूपा कुमारी, सोनू कुमार शमशाद अंसारी, अभिषेक के परिवारजनों के साथ पूरे विश्वविद्यालय का राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार शामिल है।

By Admin

error: Content is protected !!