हजारीबाग: झिनझरिया पुल के निकट विधायक जनसेवा कार्यालय परिसर में शनिवार को रोटरी क्लब ऑफ़ हज़ारीबाग जागृति के तत्वावधान में 6 दिवसीय एक्यूप्रेशर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. एमए चायनन और डॉ. पीके पहाड़िया अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ एक्यूप्रेशर, सुजोक, वाइब्रेशन तथा मैग्नेट थेरेपी के माध्यम से विभिन्न रोगों का उपचार कर रहे हैं। शिविर में कमर दर्द, घुटने का दर्द, माइग्रेन, सर्वाइकल, मधुमेह, रक्तचाप एवं अन्य सामान्य रोगों से पीड़ित लोगों को परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। बताया जाता है कि स्वास्थ्य शिविर 31 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा , जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 1 बजे तक और शाम 3 बजे से 6 बजे तक आम नागरिकों के लिए उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में आम लोगों को सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यंत आवश्यकता है। एक्यूप्रेशर जैसी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति बिना दवा के कई रोगों में लाभकारी सिद्ध होती है, और इस तरह के शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने आगे कहा कि जनस्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ़ हज़ारीबाग जागृति की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास शासन और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।

