गृहमंत्री अमित शाह ने लोक सभा चुनाव को लेकर झारखंड में फूंका बिगुल
• चाईबासा में भाजपा ने की विजय संकल्प रैली
घुसपैठिये जनजातीय समाज की बच्चियों से शादी कर हड़प रहे उनकी जमीन, झारखंड की इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, हेमंत सोरेन की सरकार झारखंड को बर्बाद करने पर तुली – अमित शाह, गृहमंत्री
चाईबासा: पूरे भारत की गरीबी झारखंड से मिटाई जा सकती है। पूर्ण बहुमत के बाद राज्य में रघुवर दास की सरकारी बनी थी। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली सड़क सहित कई विकास कार्य को शुरू करने का काम किया। लेकिन इसके बाद ऐसी सरकार आई जिसने झारखंड में सबकुछ तबाह करके रख दिया है। यह बातें देश के गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को चाइबासा के टाटा मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में कही।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर गृहमंत्री का भाजपा के वरीष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
अमित शाह ने चाइबासा की जनता को जोहार और झारखंड जनजातीय वीर शहीदों को नमन कर भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जिस कल्पना के साथ अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार से अलग झारखंड राज्य का गठन कर वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया…क्या हेमंत सरकार कल्याण के लिए काम कर रही है ?
उन्होंने कहा कि इस राज्य का मुख्यमंत्री तो आदिवासी है लेकिन सरकार आदिवासी विरोधी है। इस सरकार के समय में भ्रष्टाचार की चरम है। इस सरकार में बिचौलियों, दलालों और आदिवासियों की जमीन हड़पने वालों का समय है।
आगे अमित शाह ने कहा कि घुसपैठियों से आदिवासी मां-बहनों को रक्षा की जिम्मेवारी हेमंत सोरेन सरकार की है या नहीं…क्या वो रक्षा कर पा रहे हैं? वोट बैंक की खातिर आदिवासी मां-बहनों की सुरक्षा और भविष्य से छेड़छाड़ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हेमंत भाई!…अब सब आपको जान गये हैं..झारखंड का ट्राइबल अब आपको कभी माफ नहीं करेगा…2024 के चुनाव में आपको यह मालूम पड़ जाएगा।
अमित साह ने सभा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में चाईबासा से एक कमल खिलाकर दिल्ली भेज दिजीए। इस क्षेत्र का विकास हम करेंगे।
वहीं अमित शाह ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार नौकरी के नाम पर युवाओं को धोखा दे रही है, शिक्षा के नाम पर नौनिहालों को धोखा दे रही है और स्थानीय नीति के नाम पर आदिवासी समाज को धोखा देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाइबासा क्षेत्र की बंदोबस्ती 1964 में हुई है। हेमंत सरकार 1932 आधारित खतियान पर नौकरी देने की बात कहती है, ऐसे में चाईबासा क्षेत्र के लोगों को नौकरी मिल पाएगी क्या?…राज्य सरकार लोगों में विभाजन करने की बजाय नौकरी की संख्या बढ़ाये और सरकार में नौकरी की संख्या बढ़ाने का दम नहीं है तो जगह खाली करे…हम नौकरी बढ़ायेंगे।
आदिवासी-नॉन आदिवासी, पिछड़ा-आदिवासी ये सब क्या लगा रखा है। झारखंड को बर्बाद करके रख दिया है। घुसपैठिए झारखंड में घुसकर जनजातीय बच्चियों से शादी कर रहे हैं और उसके बाद उनकी जमीनें हड़प रहे हैं। हेमंत सरकार को घुसपैठियों की इस हिमाकत को रोकें, अन्यथा झारखंड की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी झारखंड की जनता अब जाग चुकी है।
गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में यहां वामपंथी उग्रवाद चरम पर था। 2004 में वामपंथी उग्रवाद की घटनाएं 2258 थीं। 2021 में वामपंथी उग्रवाद 500 से भी कम हो गया है। वामपंथी उग्रवाद अब खत्म होने की ओर है।
गृहमंत्री ने कहा कि डीएमएफटी(DMFT) फंड का उपयोग उद्योग के कारण विस्थापित जनजातीय समाज के कल्याण के लिए किया जाना है। केंद्र सरकार के डीएमएफटी फंड से 8 हजार 301 करोड़ झारखंड के हिस्से आया है। हेमंत सरकार ने डीएमएफटी फंड में भी लूट खसोट किया है।
आगे उन्होंने कहा कि हमने जनजातीय गौरव और जनजातीय सम्मान को हमेशा प्राथमिकता दी है। हमने आदिवासी घर की गरीब बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर महामहिम बना दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को चुनकर नया इतिहास बना दिया है। हम जनजातीय कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। धरती आबा बिरसा मुंडा के जन्म दिवस पर 15 नवंबर को देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। पूरा देश बिरसा मुंडा को याद करता है।
कहा कि, हमने जनजातीय कल्याण के लिए 21 हजार करोड़ की राशी को बढ़ाकर 86 हजार करोड़ कर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 1करोड़ 30 लाख घरों में पीने का पानी, 1 करोड़ 42 लाख घरों में शौचालय, 3 करोड़ किसानों को छह हजार रुपये प्रत्येक वर्ष डीबीटी के माध्यम उनके खाते में भेजे जा रहे हैं। जनजातीय समाज के आवासीय एकलव्य विद्यालयों की संख्या 167 से बढ़ाकर 680 किया गया है। देश की जनता के आशीर्वाद से 2024 में भाजपा की जीत तय है।
विजय संकल्प रैली में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री राव साहब दानवे, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई झारखंड के सांसद और विधायक सहित भाजपा झारखंड प्रदेश के नेता उपस्थित रहे।