रांंची: सूबे में ठंड का प्रकोप अभी और बढ़ सकता है। उत्तर से आ रही बर्फिली हवाएं ठंड अभी और बढाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि पांच जनवरी से बादल छंटने के बाद झारखंड में शीतलहरी और बढ़ेगी। जो मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी के बाद से कम हो सकती है। फिलहाल डाल्टनगंज (पलामू) का तापमान सबसे कम बताया जा रहा है। पलामू में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई क्षेत्रों में कुहासा कुछ दिनों तक और छाया रह सकता है।
बढ़ती ठंड के मद्देनजर सूबे की सरकार और प्रशासन अलर्ट है। स्कूलों में एक से पांच तक कक्षाएं आठ जनवरी तक के लिए एहतियातन बंद कर दिये गये हैं। जगह-जगह पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है।
वहीं डॉक्टरों की मानें तो फिलहाल ठंड से बचना बहुत जरूरी है। खासकर हार्ट, अस्थमा और श्वांस संबंधी समस्याओं से ग्रस्त लोगों को पूरी सावधानी जरूर बरतनी चाहिए। सर्द हवाओं की चपेट में आने से बचना चाहिए।
कोरोना के नये वेरिएंट के संभावित खतरे को देखते हुए भी ठंड से बचाव जरूरी बताया जा रहा है। ठंड में फेफडों पर असर पड़ने से आगे परेशानी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बहरहाल इस बढ़ती कनकनी में यात्रा से बचना और गर्म कपड़ों से शरीर को ढंके रखना सबसे बेहतर उपाय है।