शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम है योग : डॉ. सोनिया
रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रविवार को उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में योग सत्र के साथ वैदिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

योग शिक्षक प्रदीप कुमार सिन्हा के निर्देशन में सभी ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम सहित अन्य योगासनों का का अभ्यास किया। इसके साथ ही वृक्षासन, भुजंगासन, पद्मासन, वज्रासन और गोमुखासन जैसे कठिन योगासनों का प्रदर्शन भी हुआ। प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है और इसके नियमित अभ्यास से शारीरिक व मानसिक लाभ मिलते हैं।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम है। यह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” सभी आयु वर्ग के लोगों को सक्रिय और संतुलित जीवन अपनाने का संदेश देती है।
कार्यक्रम में आयोजित हवन के दौरान विश्व कल्याण, स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना की गई। योग और यज्ञ के समन्वय से विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वयं को ऊर्जावान और तनावमुक्त महसूस किया और नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।
