दुबारा हमला करने आए सियार को पीटकर मार डाला
रामगढ़: पतरातू डीजल साइड स्थित रेलवे कॉलोनी में प्रशिक्षु रेल कर्मचारी पर सियार द्वारा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात 08:30 बजे न्यू हॉस्टल में ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षु रेल कर्मचारी प्रमोद कुमार पर सियार ने हमला कर दिया। जिसमें प्रमोद कुमार का हाथ जख्मी हो गया। हमले के बाद सियार भाग गया। इस दौरान प्रमोद और उनका एक साथी कुछ सोच समझ पाते, सियार फिर वापस आ गया।
सियार दूसरी बार हमला कर पाता इससे पहले घायल प्रमोद और उसके सहयोगी ने सियार पर बेलचा से हमला कर दिया और उसे पीटकर मार डाला। घटना के बाद घायल प्रमोद कुमार को रेलवे अस्पताल ले जाया गया। जहां उनके जख्मी हाथ का उपचार किया गया।
इधर घटना से प्रशिक्षु रेल कर्मचारियों और डीजल कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। इसी रास्ते से डीजल कर्मचारी दिन-रात में आना जाना करते हैं। बताया गया कि इसीआरकेयू-2 के शाखा सचिव अजीत कुमार ने धनबाद रेल मंडल के वरीय अधिकारी को मामले से अवगत कराया है। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग किया है कि हॉस्टल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाए और रास्ते पर रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। साथ ही रात में आरपीएफ की पेट्रोलिंग सुनिश्चित किया। रेल कर्मचारियों के अनुसार ट्रेनिंग स्कूल के आसपास घनी झाड़ियां हैं। जिससे असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।