रांची: राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तत्वावधान में राज्यस्तरीय जवाहरलाल नेहरू कप 2024-25 का गुरुवार काे उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह में माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्कर्ष गुप्ता और खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशक संदीप कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि राज्य के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, हमारे छात्र लगातार राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगियताओ में अपना लोहा मनवा रहे हैं। राज्य सरकार इन प्रतिभाओ को मंच देने और इन्हें प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वहीं समारोह को संबोधित करते हुए खेल कूद एवं युवा कार्य निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि राज्य के विद्यार्थियों में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ा है, और खेलकूद विभाग शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इन प्रतिभाओ को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
भविष्य में भी भव्य और राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर राज्य को मिला है, विभाग की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
जवाहरलाल नेहरू कप 2024-25 के पहले बालक और बालिका वर्ग की कई टीमों ने हॉकी में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर 17 बालिका वर्ग में खूंटी ने चतरा को 14-0, हजारीबाग ने लोहरदगा को 9-0, गुमला ने रामगढ़ को 13-0, गिरीडीह ने सरायकेला को एक गोल और बोकारो ने पश्चिमी सिंहभूम को एक गोल से हराया। जबकि अंडर 17 बालक वर्ग में चतरा ने सरायकेला को 3-0, रांंची ने गिरिडीह को 4-0 और गुमला ने पश्चिमी सिंहभूम को 3-0 शून्य से पराजित किया।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों के अलावा राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, पूर्व हॉकी ओलिंपियन सह सांझा के हॉकी प्रशिक्षक मनोहर टोपनो, मेजर ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित पूर्व अंतराष्ट्रीय खिलाडी सह हॉकी प्रशिक्षिका सुमराई टेटे, पूर्व अंतराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सह कोच बीरेंद्र लकड़ा, हॉकी झारखण्ड के महासचिव विजय कुमार सिंह, झारखण्ड ओलिंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंदु दुबे, हॉकी झारखण्ड के सीईओ रजनीश कुमार उपस्थित थे।