परेड का हुआ आयोजन, मुख्यालय में लगा रक्तदान शिविर
रांची: झारखंड जगुआर (STF) ने शुक्रवार को 17वां स्थापना दिवस मनाया। अवसर पर टेंडर ग्राम स्थित झारखंड जगुआर कैंप में परेड समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि डीजीपी अनुराग गुप्ता शामिल हुए। डीजीपी ने सर्वप्रथम परेड समारोह का जायजा लिया। इसके उपरांत जवानों द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। अवसर पर जवानों ने नक्सली गतिविधियों के दौरान झारखंड जगुआर की कार्रवाई का डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया।
समारोह में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने झारखंड जगुआर के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि झारखंड जगुआर उग्रवाद उन्मूलन में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने इन 17 वर्षों में कई जवानों को खोया है। राज्य की शांति व्यवस्था बनाए रखने में हमारे जवानों का बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। कहा कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार मुहीम चलाई जा रही है। जल्द ही राज्य से नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। खबर सेल।
वहीं स्थापना दिवस पर जगुआर मुख्यालय में रक्तदान शिविर लगाया गया। जिसमें अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया। इसके साथ ही झारखंड जगुआर के शहीद 23 जवानों के घर पर उनके परिजनों को सम्मानित भी किया गया। बताते चलें कि वर्ष 2008 में उग्रवाद से निबटने के लिए झारखंड जगुआर का गठन किया गया था।
Image courtesy social media