रांची: झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इन दोनों दिनों में दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची में भी बादल छाने और बारिश के आसार हैं, हालांकि यहां भारी बारिश की अलग से पुष्टि नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ने का अनुमान है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में भी बारिश हो सकती है।
राज्य में 27 अक्टूबर से मौसम बदलने के संकेत हैं। इस दिन पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28 अक्टूबर को दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
रांची में 24 और 25 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 26 अक्टूबर को अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और 27 अक्टूबर को 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। न्यूनतम तापमान इन दोनों दिनों में क्रमशः 19 और 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
26 अक्टूबर को रांची में आंशिक बादल छा सकते हैं। इसके अगले दिन से बारिश की गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं। हालांकि, बारिश का वास्तविक दायरा और तीव्रता मौसमी सिस्टम की दिशा और मजबूती पर निर्भर करेगी।

