झारखंड एटीएस और महाराष्ट्र एटीएस की संयुक्त कार्रवाई
रांंची: झारखंड के कुख्यात श्रीवास्तव गिरोह के सरगना अमन श्रीवास्तव को झारखंड एटीएस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई के एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस मुख्यालय में राज्य के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने गिरफ्तारी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि झारखंड एटीएस ने महाराष्ट्र एटीएस के सहयोग से गैगस्टर अमन श्रीवास्तव को मुंबई से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को अमन श्रीवास्तव को रांंची लाया गया है। डीजीपी ने गिरफ्तारी को झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि गिरफ्तारी से कोयला उत्खनन क्षेत्र में भय का माहौल खत्म होगा।
बताया जाता है कि कि श्रीवास्तव गिरोह रांंची, रामगढ़, लातेहार, हजारीबाग, चतरा और लोहरदगा में रंगदारी लेता है। खासकर कोयलांचल क्षेत्र में गिरोह ने कोयले के कारोबार में रंगदारी को लेकर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। श्रीवास्तव गिरोह के सरगना सुशील श्रीवास्तव की हत्या के बाद से गिरोह की कमान उसके पुत्र अमन श्रीवास्तव ने संभाल रखी है। रामगढ़ पुलिस ने अमन पर पांच लाख के इनाम रखने की अनुशंसा भी की थी। अमन श्रीवास्तव के खिलाफ रांची, रामगढ़, लोहरदगा, हजारीबाग और लातेहार जिले के अलग-अलग थानों में 23 मामले दर्ज हैं।