रामगढ़: भारत सरकार की संयुक्त सचिव (मैरीन एंड फिशरीज) नीतू प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन सहित विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से संबंधित मुख्य प्रदर्शन संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की गई।

अवसर पर संयुक्त सचिव नीतू प्रसाद ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर मापनीय परिवर्तन लाना है। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक योजना एवं पहल का लाभ सीधे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे। उन्होंने बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच समन्वय, सामुदायिक सहभागिता तथा कार्यों की प्रगति की समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आजीविका कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा शिक्षा में नामांकन बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी दी गई। वहीं पोषण संबंधी सूचकांकों तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया गया।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान संयुक्त सचिव  द्वारा जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, सक्षम केंद्रों, पंचायत भवनों एवं आजीविका प्रशिक्षण केंद्रों का भ्रमण किया जाएगा तथा लाभुकों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली जाएगी।

 

By Admin

error: Content is protected !!