• बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा के समापन पर हरमू मैदान में हुई विशाल जनसभा
रांंची: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा का समापन शनिवार को हुआ। अवसर पर हरमू मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। उनके आगमन पर भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। कहा कि झामुमो और कांग्रेस मिलकर आदिवासियों के नाम पर वोट की राजनीति कर रही है। जबकि आदिवासियों का जितना नुकसान हेमंत सोरेन की सरकार में हुआ है उतना कभी नहीं हुआ।
जेपी नड्डा ने झामुमो-कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान करते हुए कहा कि तुष्टिकरण के कारण हेमंत सरकार ने धर्मांतरण के मुद्दे पर आंखें मूंद ली है। इन्हें न राज्य की चिंता है न आदिवासी संस्कृति की। चिंता है सिर्फ वोट की। झारखंड सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी है। लीकर, लैंड और सैंड माफिया दनदना रहे हैं। मुख्यमंत्री के पीछे ईडी पड़ी है और वे भागते फिर रहे हैं। झारखंड में नक्सली उत्पात मचा रहे हैं। महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं बढ़ी है। ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भ्रष्टाचार मचा हुआ है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार झारखंड को बढ़ाने का काम कर रही है, लेकिन झामुमो और कांग्रेस ने यहां विकास ठप कर रखा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा क भाजपा की संकल्प यात्रा के तहत 75 विधानसभा में जनसभा की गई। आज बाकी 6 विधानसभा के लोग यहां आए हैं। इस जनसैलाब से साफ है कि जनता ने कमल खिलाने का संकल्प लिया है।
हेमंत सरकार में खनिज संपदा की मची है लूट, भ्रष्टाचार हावी : बाबूलाल
वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार कमाने में व्यस्त है। चार साल में विकास ठप हो गया है। बीते चार वर्षों में हेमंत सरकार अपना एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं कर सकी है। राज्य में खनिज संपदा की लूट मची हुई है। झारखंड सरकार लुटेरों को संरक्षण दे रही है। झारखंड को भाजपा ने बनाया है और भाजपा ही सवांर सकती है। देश और राज्य के विकास के लिए 2024 में भाजपा की सरकार बनाना है।
जनसभा में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य साहू, सांसद संजय सेठ, बीडी राम, सुदर्शन भगत, सुनील शर्मा, राष्ट्रीय सचिव आशा लकड़ा, प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी पटेल, विधायक नवीन जायसवाल, अनंत ओझा, रणधीर सिंह, राज सिन्हा, आलोक चौरसिया रामचंद्र चंद्रवंशी, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, समरी लाल, अमित मंडल, ढुल्लू महतो, किशुन दास, नारायण दास, केदार हाजरा सहित कई मौजूद थे।