रांची: खूंटी जिले के मारंगहादा थाना अंतर्गत लादुप पंचायत के काड़ेतुबिद गांव में अपराधियों ने शनिवार की रात ग्राम प्रधान सह भाजपा कार्यकर्ता बलराम मुंडा की हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात 11: 30 बजे तकरीबन 10 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बलराम मुंडा के घर का दरवाजा खुलवाया और अंदर प्रवेश करते ही बलराम मुंडा और उसके भांजे आचु मुंडा की लाठी डंडों से पिटाई करने लगे। इसके साथ ही अपराधियों ने धारदार हथियार से बलराम मुंडा पर वार किया और पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देकर अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई। बताया जाता है कि बलराम मुंडा भाजपा के ग्रामीण मंडल मंत्री थे और खूंटी शहर में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। इधर, खेती-बाड़ी के सिलसिले में अपने गांव आए हुए थे। बलराम मुंडा की हत्या को लेकर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता राज्य की शासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।