रामगढ़: पतरातू प्रखंड के लबगा पंचायत की मुखिया हेमा देवी (लगभग 25 वर्ष) की मौत मंगलवार की देर रात करंट लगने से हो गई। घटना मुखिया हेमा देवी के मायके चरही (हजारीबाग) के बहरागांव में हुई है। उनकी मौत से लबगा पंचायत सहित आसपास शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार हेमा देवी करमा पर्व पर अपने मायके चरही प्रखंड के बहरागांव गई हुई थी। उनके पति लबगा के पूर्व मुखिया शिव प्रसाद मुंडा उन्हें मायके पहुंचाकर बीते रविवार को वापस लौट आए थे।

इधर, बहरागांव में मंगलवार की शाम करम डाल विसर्जन के बाद सभी अखरा में नाच रहे थे। रात तकरीबन 08:00 बजे हेमा देवी अपने कमरे में पहुंची। जहां पंखा चलाने के क्रम में वे घातक करंट की चपेट में आ गईं और चीखकर जमीन पर गिर गई।  वहीं हेमा देवी के परिजनों को अखरा से घर लौटने पर हादसे की भनक लगी। हेमा देवी को अस्पताल ले जाया गया जहां  उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर सेल।

मामले की जानकारी पर शिव प्रसाद मुंडा और उनके परिचित बहरागांव पहुंचे। मंगलवार की देर रात हेमा देवी का पार्थिव शरीर लबगा लाया गया। आज बुधवार की सुबह से उनके अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग उनके आवास पर पहुंचते रहे। विधायक अंबा प्रसाद ने भी परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। बताया जाता है कि लगभग दो वर्ष पहले ही विवाह हुआ था। घटना से क्षेत्र के लोग मर्माहत हैं।

By Admin

error: Content is protected !!