रिपोर्ट- एसके सिन्हा
बालूमाथ (लातेहार): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के दौरान फर्जी प्रमाण-पत्रों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
उपायुक्त ने पत्र जारी कर कहा कि हाल ही में एक समाचार पत्र में फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाए जाने का मामला प्रकाशित हुआ था। इसके अलावा अन्य जिलों में भी फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से जन्म, जाति और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्र तैयार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इसे ध्यान में रखते हुए SIR-2026 के तहत मतदाताओं से लिए जा रहे सभी प्रमाण-पत्रों की सत्यता की जांच अनिवार्य की गई है। उपायुक्त ने बीएलओ और अन्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध दस्तावेजों की तुरंत रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में फर्जी दस्तावेज न बनवाएं और न ही उनका उपयोग करें। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जनजागरूकता के लिए उपायुक्त ने मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है। ताकि मतदाता सही और वैध दस्तावेजों के साथ ही पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लें।
