लातेहार: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के पांच लाख के इनामी सब-जोनल कमांडर लवलेश गंझू उर्फ लवकेश ने मंगलवार को सरेंडर कर दिया। लातेहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित ‘नई दिशा’ कार्यक्रम में आईजी पलामू प्रमंडल सुनील भास्कर ने शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर लवलेश गंझू का मुख्य धारा में स्वागत किया। इसके साथ ही पांच लाख का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक लातेहार, समादेष्टा सीआरपीएफ 11वीं बटालियन और समादेष्टा एसएसबी 32वीं बटालियन मौजूद रहे।
आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि उग्रवाद उन्मूलन को लेकर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उग्रवादियों से मुख्य धारा में लौटने की अपील भी की जा रही है। कहा कि पांच लाख के इनामी लवलेश गंझू पर लवलेश गंझू पर लातेहार और आसपास के जिलों में 50 से अधिक कांड दर्ज है। आत्मसमर्पण करने के साथ ही झारखंड सरकार की पुनर्वास नीति के तहत लवलेश को सभी लाभ दिए जाएंगे। जिससे वह मुख्य धारा में लौटकर शांति और सुकून से जीवन जी सके।
वहीं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि जिले में उग्रवादियों के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। इधर, एनकाउंटर भी हुए हैं। इस वर्ष जनवरी से अबतक 10 उग्रवादियों ने सरेंडर किया है। जबकि 75 उग्रवादी गिरफ्तार हुए हैं। नक्सलियों और उनके सहयोगियों की संपत्ति भी सीज की जा रही है। कहा कि झारखंड सरकार की सरेंडर पॉलिसी से प्रभावित होकर उग्रवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं।