जमशेदपुर: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लैटिनम जुबिली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत वरण महतो भी शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। अवसर पर ओम बिरला ने सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों और सदस्यों को प्लैटिनम जुबली की बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती ने आदिवासी सम्मान के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और इसी धरती पर जमशेदजी टाटा जैसे दूरदर्शी नेतृत्व ने आजादी के पहले एक ऐसी योजना बनाई कि इंडस्ट्री सेक्टर के विकास से शहर का विकास भी हो सकता है और आर्थिक-सामाजिक परिवर्तन भी हो सकता है। जमशेदजी ने ऐसा नगर बसा दिया, जहां इंडस्ट्री भी है और व्यापार भी। यहां आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन भी हुआ है। यह हरा-भरा भी है, सुंदर भी है और व्यवस्थित भी है।
उन्होंने कहा कि 1947 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके सबको साथ काम करना हो और सामूहिकता के साथ काम करना होगा। दुनिया की बदलती टेक्नोलॉजी और ज्ञान-विज्ञान के अनुसार काम करना होगा। दुनिया में बढ़ती व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के अनुसार काम करना होगा। हमारे पास कुशल मानव संसाधन हैं, बेहतर बौद्धिक क्षमता है। रिसर्च और नये इनोवेशन की क्षमता रखनेवाले नौजवान हैं। आज दुनिया के जितने बड़े देश हैं, उनके विकास में कहीं न कहीं भारतीय नौजवान ही हैं। आज हमें अपनी क्षमताओं का अधिकतम उपयोग करने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व केंद्र सरकार इंडस्ट्री सेक्टर और व्यापार के अनुकूल नीतियां बना रही है। जिससे औद्योगिक क्षेत्र को मजबूती मिले और देश का तेजी से विकास हो सके। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी अहम भूमिका निभाई है।