रामगढ़: पतरातू थाना क्षेत्र के एनटीपीसी न्यू टाउनशिप के निकट कालीघाट स्थित शेड में एक व्यक्ति ने फंद से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हनुमानगढ़ी पंचायत के विश्वजीत राम उर्फ कारू राम ( 50 वर्ष) पिता स्व. चंद्रिका राम के रूप में हुई। वह पीटीपीएस बोर्ड के हेडक्वार्टर रांची में सफाईकर्मी थे।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विश्वजीत सुबह 05:00 बजे घर से निकले। सुबह तकरीबन 06:00 बजे राहगीरों ने शेड में फंदे से झूलता देखा। देखते-देखते स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी पतरातू पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। फिलहाल आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।
बताया जाता है कि विश्वजीत राम कर्ज के बोझ में दबे हुए थे। जिसे लेकर आए दिन घर में विवाद भी होता था। संभावना जताई जा रही है कि तनाव में उन्होंने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतक अपने पीछे पत्नी और बच्चे छोड़ गया है। फिलहाल मामले की छानबीन चल रही है।