मामला पतरातू थाना क्षेत्र का

रामगढ़: पतरातू थाना क्षेत्र में रविवार को प्रतिबंधित मांस के कारोबार का मामला सामने आया है। जहां लोगों के द्वारा खदेड़े जाने के बाद एक व्यक्ति आननफानन में प्रतिबंधित मांस लदी बाइक छोड़कर भाग गया। बाइक पर 30 से 35 किलो प्रतिबंधित मांस लदे होने की बात कही जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 9:30 बजे जयनगर शिव मंदिर के निकट रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति लाल रंग की पैशन प्रो बाइक (जेएच 01 एबी 7194 ) तेज रफ्तार से चलाते हुए पहुंचा। बाइक के पीछे बोरा लदा हुआ था। रेलवे फाटक के पास रास्ता न सूझने पर व्यक्ति बाइक वहीं छोड़ दौड़ते हुए भाग निकला। 

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पतरातू पुलिस पहुंची बाइक और बोरे को जब्त कर थाना ले गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक पर प्रतिबंधित मांस होने की जानकारी पर पतरातू फाटक से स्थानीय लोगों द्वारा कारोबारी का पीछा कर पकड़ने की कोशिश की गई। जिसपर वह जयनगर की ओर भागने लगा। इस भागमभाग के दौरान जयनगर में रेलवे फाटक के पास रास्ता नहीं सूझने और पकड़े जाने के भय से बाइक छोड़कर भाग निकला।

वहीं प्रतिबंधित मांस का कारोबार उजागर होने के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। लोग विधि-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित मांस की खरीद-बिक्री का काम हो रहा है। पुलिस-प्रशासन इस प्रतिबंधित कारोबार को रोकने की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है। जिससे कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!