भाजपा प्रदेश कार्यालय में मिलन समारोह का हुआ आयोजन
रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कार्यालय में रविवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के झामुमो दलित मोर्चा जिलाध्यक्ष बलदेव भुईयां सहित कई लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सदस्यता दिलाते हुए फूलमाला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। मिलन समारोह में छत्तरपुर विधानसभा क्षेत्र में झामुमो के प्रत्याशी रहे रविंद्र राजू, और पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस कमिटी के पूर्व महासचिव गणेश शंकर विद्यार्थी सहित भुइयां समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद के ठगबंधन से राज्य के आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग का मोह भंग हो गया है। झामुमो ने राज्य के लोगों के सपनों को चकनाचूर कर पानी फेर दिया है। झामुमो कार्यकर्ताओं ने खून-पसीने से अपनी पार्टी को सींचा ताकि राज्यवासियों के सपने साकार हों। लेकिन सत्ता मिलते ही पार्टी एक परिवार की भलाई तक ही सिमटकर रह गई। सरकार में कार्यकर्ता बाहर हो गये और दलाल-बिचौलिए शामिल हो गये।
दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा ने आदिवासी, दलित, पिछड़ों सभी को सम्मान देने का काम किया है। मोदी सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ गांव, गरीब, दलित, वंचित और पिछड़ों के विकास केलिए समर्पित है। हेमंत सरकार बाधक बनकर झारखंड के सपनों को साकार होने नहीं दे रही है।
मिलन समारोह में स्वागत भाषण भाजपा जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष गुंजन यादव और संचालन प्रदेश मंत्री सह जमशेदपुर जिला प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू और धन्यवाद ज्ञापन पटमदा मंडल अध्यक्ष मंटू चरण दत्ता ने किया। अवसर पर लातेहार जिला परिषद सदस्य सरोज देवी, जमशेदपुर एमजीएम मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह मुंडा, सुंदर नगर मंडल अध्यक्ष चंचल चटर्जी, कमलपुर मंडल अध्यक्ष प्रधान चंद्र महतो, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी सहित जमशेदपुर और पलामू से आए सैकड़ों लोग मौजूद रहे