किसानों का हो रहा दमन, मची है कॉरपोरेट लूट : राजकुमार यादव
रामगढ़: अखिल भारतीय किसान महासभा झारखंड राज्य परिषद की बैठक रविवार को बंजारी मंदिर के निकट यादव धर्मशाला में हुई। जिसकी अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष डॉ.बीएन सिंह ने की। बैठक में बैठक में बतौर मुख्य अतिथि राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरा गोप उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत में भाकपा-माले के केंद्रीय समिति सदस्य एवं वरिष्ठ मजदूर नेता मिथिलेश सिंह तथा अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य परिषद सदस्य बृजनंदन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत बैठक में भावी कार्यक्रमों की रूप-रेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहले चरण के तहत 15 जुलाई से 15 सितंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान के साथ सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। तीनों चरणों में मिलाकर एक लाख किसानों को अखिल भारतीय किसान महासभा से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया। इसके अलावा वर्ष के अंत में राज्य सम्मेलन आयोजित करने पर भी विचार किया गया।
बैठक के दौरान बलियापुर में किसानों पर कंपनी और गुंडों द्वारा किए गए हमले की तीखी निंदा की गई। बैठक में तय हुआ कि राज्य सचिव राजकुमार यादव के नेतृत्व में एक जांच दल 15 जुलाई को बलियापुर जाकर किसानों से मिलेंगे और उपायुक्त से भेंट कर दोषी अधिकारियों और हमलावरों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि राज्य में जल, जंगल, जमीन की कॉरपोरेट लूट मची हुई है। किसानों का दमन किया जा रहा है। कंपनियां जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों पर अत्याचार कर रही हैं। किसानों की बहु फसलीय जमीन का भी मिलीभगत से जबरन अधिग्रहण किया जा रहा है। राज्य सरकार से इस दिशा में ठोस पहल करने की मांग की जाएगी।
मौके पर कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप विश्वकर्मा, राजेंद्र गोप, कमेश सिंह चेरो, देवानंद गोप, विजय सिंह, कौशल्या दास, संगीता देवी, दुमका से हरि राय, लातेहार से धनेश्वर सिंह, दुर्गा सिंह, गिरिडीह से अशोक पासवान, पूरन महतो सहित लगभग 30 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।