हजारीबाग: डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को तीसरे सुनील सिन्हा मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने शूटिंग कर किया। इससे पूर्व स्व. सुनील सिन्हा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गई। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार सिंह ने किया।
अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए विधायक ने कहा कि हजारीबाग के खिलाड़ियों ने शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। जिले में प्रतिभा की कमी नहीं, सिर्फ संसाधनों की जरूरत है। उन्होंने विधायक मद से शूटिंग के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही 25 मीटर व 50 मीटर रेंज के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु उपायुक्त से अनुरोध की बात कही। राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से भी आधुनिक शूटिंग अवसंरचना के लिए सहयोग मांगा जाएगा।
वहीं एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि पूर्व डीजीपी ए.के. सिंह ने दो दशक पहले यहां शूटिंग की नींव रखी थी। स्व. सुनील सिन्हा इस अभियान से जुड़े प्रमुख लोगों में थे। उनके नाम पर यह प्रतियोगिता सच्ची श्रद्धांजलि है। महासचिव नीलेन्दु जयपुरियार ने कहा कि खिलाड़ियों को 25 और 50 मीटर अभ्यास के लिए रांची-धनबाद जाना पड़ता है। विधायक की घोषणा से खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
बताया जाता है कि प्रतियोगिता रांची से आए जूरी रंजन कुमार व राहुल कुमार यादव के मार्गदर्शन में चल रही है। जबकि कोच रिद्धि गुप्ता और रोहित सिंह सहयोग कर रहे हैं।यह चैंपियनशिप 23 जून को सम्मान समारोह व पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगी।
कार्यक्रम में स्व. सुनील सिन्हा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। संचालन अजय कुमार सिंह ने किया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, संगीता सिन्हा, संगीत सोनल, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
