हजारीबाग: स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण समिति के बैनर तले शहर के झील परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई और तुलसी पूजन किया गया। अवसर पर हजारीबाग झील परिसर में दरिद्र नारायण भोजन और कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप प्रसाद शामिल हुए और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।
अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। उनके विचारों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल वितरण जैसी पहल मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करती है। उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुदेश चन्द्रवंशी, हरिश श्रीवास्तव, राजेन्द्र प्रसाद, शंकर चन्द्र पाठक, भैया अभिमन्यु, शैफाली गुप्ता, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष अजीत चन्द्रवंशी, जदयू जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, महेंद्र ठाकुर, अनिल कुमार, सरदार सतपाल सिंह, दुर्गा राम चन्द्रवंशी, राम सिंह सहित समिति अध्यक्ष अरुण वर्मा, सचिव शैलेश चन्द्रवंशी, कोषाध्यक्ष मेहुल खण्डेलवाल, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, विशेष आमंत्रित सदस्य देवेंद्र जैन, हितेश रंजन, ललन ओझा, हर्ष सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
