मोदी सरकार के 11 साल – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने रामगढ़ में की प्रेस वार्ता
• फोटो प्रदर्शनी और प्रोफेशनल मीट का हुआ आयोजन
रामगढ़: मोदी सरकार के 11 साल देश की तकदीर और तस्वीर बदलने वाले हैं। दुनिया में भारत और भारतीयों की प्रतिष्ठा बढ़ी है। दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदला है। मोदी मतलब मैजिक है, आज पूरी दुनिया भी मान रही है कि प्रधानमंत्री मोदी विकास की गारंटी हैं। प्रधानमंत्री जो कहते हैं वो करते भी हैं।
यह बातें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रामगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर गुरुवार को रामगढ़ चैंबर भवन में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रेस कांफ्रेंस और फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रेस कांफ्रेंस में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, रामगढ़ जिला प्रभारी शशि भूषण भगत, जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, कार्यक्रम संयोजक राजू चतुर्वेदी शामिल रहे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत आज जापान जैसे देश को पछाड़कर विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। आज दुनिया भी यह मान रही है कि भारत 2029 तक जर्मनी को पीछे छोड़ विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने देखा कि परमाणु शक्ति से संपन्न पाकिस्तान पर भारत ने आतंक के खिलाफ किस प्रकार स्ट्राइक किया। भारतीय सेना ने मात्र 23 मिनट में खूंखार आतंकवादियों के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने पाकिस्तान को यह साफ कर दिया है कि आतंक का प्रश्रय देने को अब युद्ध ही माना जाएगा। संजय सेठ ने कहा कि भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम को मैं सैल्यूट करता हूं।
आगे उन्होंने कहा कि पहले हमारे सैनिकों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं होते थे। अच्छे बूट तक नहीं होते थे। यह मोदी की ताकत है कि आज भारत से 92 देशों को भारत में निर्मित अस्त्र-शस्त्र एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं। भारतीय नेवी 75 प्रतिशत तक आत्मनिर्भर हो गई है। वर्तमान में भारत का रक्षा बजट 6 लाख 81 हजार करोड़ है। जबकि 2014 यह महज दो लाख करोड़ के लगभग ही था। इस वर्ष भारत अस्त्र-शस्त्र के क्षेत्र में 50 हजार करोड़ का एक्सपोर्ट करेगा और पूरी संभावना है कि वर्ष 2029 तक 3 लाख करोड़ का एक्सपोर्ट होने लगेगा।
संजय सेठ ने कहा कि आज भारत की बेटियां सरहद पर गश्त कर रही हैं। हम सभी ने देखा कि भारत की दो बेटियों व्योमिका सिंह और शोफिया कुरैशी ने देशवासियों को ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम की जानकारी दी। अब देश की बेटियों का नामांकन के लिए सैनिक के दरवाजे खोल दिए गए हैं। 1600 बेटियां सैनिक स्कूलों में पढ़ाई कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कभी दुनिया भारत को अनपढ़ों का देश मानती थी। आज भारत का दूसरा व्यक्ति डिजीटल पैमेंट कर रहा है। भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है। मोदी सरकार ने अंग्रेजों के जमाने में बनाए गए अव्यवहारिक कानून को समाप्त किया है। आज देश में उग्रवाद और नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। बीते 11 साल में 10 लाख से अधिक युवाओं को सीधे तौर पर सरकारी नौकरी मिली है। आज भारत में प्रतिदिन लगभग 34 किलोमीटर हाइवे बन रहे हैं। रेलवे का बजट नौ गुना बढ़ाया गया है। रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसा बनाया जा रहा है। आज का भारत न डरता है, न झुकता है और न ही किसी के सामने हाथ फैलाता है। मोदी सरकार के 11 वर्ष का अमृत काल शताब्दियों तक याद किया जाएगा।
इसके साथ ही केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने फोटो प्रदर्शनी का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने लायंस क्लब भवन में आयोजित प्रोफेशनल मीट में भी भाग लिया।
मौके पर अमरेंद्र गुप्ता, राधेश्याम अग्रवाल, डॉ. संजय सिंह, विजय जायसवाल, चंद्रशेखर चौधरी, रंजन सिंह फौजी, संजीव कुमार बाबला, योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, ब्रजेश पाठक, उमेश प्रसाद, राजीव जायसवाल, उमेश प्रसाद, सूर्यवंश श्रीवास्तव,अखिलेश प्रसाद, ऋषिकेश सिंह, सन्नी कुशवाहा, महेंद्र सिंह, मनोज गिरि, तोकेश कुमार सहित कई मौजूद थे।