हजारीबाग: किसी की शारीरिक अक्षमता को हम पूरी तरह खत्म तो नहीं कर सकते, लेकिन आधुनिक संसाधनों के जरिए उनके जीवन की राह को आसान बनाने का प्रयास जरूर कर सकते हैं। यह बातें हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने पदमा प्रखंड के ग्राम सरैया निवासी उपेंद्र पांडेय को बैटरी चालित ट्राई-साइकिल भेंट करते हुए कही ।

सदर विधानसभा के कटकमसांडी प्रखंड के दौरे और कई शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने के बाद सांसद मनीष जायसवाल जैसे ही हजारीबाग स्थित सांसद सेवा कार्यालय लौटे उन्होंने बरही विधानसभा क्षेत्र के पदमा अंतर्गत ग्राम सरैया निवासी उपेंद्र पांडेय की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। श्री पांडेय पिछले कुछ समय से पैरालिसिस (लकवा) के कारण दिव्यांगता का शिकार हो गए थे, जिससे उनका चलना-फिरना पूरी तरह बंद हो गया था। उनकी इस पीड़ा को देखते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने उन्हें बैटरी संचालित ट्राई-साइकिल प्रदान की।

गंभीर दिव्यांगता के कारण घर की चारदीवारी में कैद हो चुके उपेंद्र पांडेय के लिए यह ट्राई-साइकिल किसी संजीवनी से कम नहीं है। अब वे बिना किसी के सहारे अपनी दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन कर सकेंगे। ट्राई-साइकिल पाकर उनके चेहरे पर आई मुस्कान ने सांसद के इस सेवा कार्य की सार्थकता को सिद्ध कर दिया।

अवसर पर लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल मिश्रा, हजारीबाग जिले के सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, पदमा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि अजय मेहता, पदमा के उप प्रमुख सत्येंद्र राणा, सांसद सारथी महेंद्र पांडेय, लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Admin

error: Content is protected !!