मांडर(रांची): विश्वप्रसिद्ध मुड़मा राजी पड़हा के केंद्रीय प्रवक्ता संजय पाहन की अध्यक्षता में हुई बैठक में 40 पड़हा के पाहनों के साथ झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, मांडर की बीडीओ सह सीओ चंचला कुमारी, ग्रामीण डीएसपी राम नारायण चौधरी, इंस्पेक्टर और मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली मौजूद रहे।

चंचला कुमारी ने जतरा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। उन्होंने भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।

ग्रामीण डीएसपी राम नारायण चौधरी ने कहा कि मेले में भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और एनएच-39 पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया जाएगा। थाना प्रभारी मनोज करमाली ने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और कंट्रोल रूम बनाने की जानकारी दी।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मुड़मा जतरा को आदिवासी समाज की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि जतरा को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास जारी हैं। वहीं, पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने जतरा भूमि के अधिग्रहण और बंदोबस्ती से जुड़े लंबित मामले पर सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

बैठक के अंत में संजय पाहन ने बताया कि 27 अक्टूबर को पारंपरिक पूजा और विधि-विधान के साथ जतरा की शुरुआत होगी, जबकि 28 अक्टूबर को विशाल मेला लगेगा। उन्होंने बैठक में शामिल अतिथियों और 40 पड़हा के पाहनों के प्रति आभार जताया।

