साहेबगंज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत साहेबगंज के तत्वावधान में सूर्य देव घाट में 12वें विश्व योग दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Again” पर युवाओं को योग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक धर्मराज मंडल ने युवा क्लब सदस्यों को विभिन्न योगासन करवाए और उनके लाभ बताए। उन्होंने बैठकर किए जाने वाले आसन पद्मासन, वज्रासन, गोमुखासन, पीठ के बल लेटकर सर्वांगासन, हलासन, शवासन, पेट के बल लेटकर भुजंगासन, धनुरासन और खड़े होकर ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार सहित अन्य आसनों का अभ्यास कराया।
मेरा युवा भारत के सदस्य चंदन कुमार ने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अहम हिस्सा है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ब्लड प्रेशर, शुगर, मोटापा जैसी बीमारियों से बचाव में योग कारगर है। नियमित योग से शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ मानसिक शांति मिलती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
इस अवसर पर संस्था के शिक्षक रविकांत तांती ने युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि नशा छोड़ने से स्वास्थ्य सुधरता है, आर्थिक बचत होती है और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ती है। सामूहिक शपथ से नशा मुक्त समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के चंदन कुमार, राहुल कुमार यादव, अजय कुमार मंडल सहित शिवानी, राहुल, नीतीश, क्रांति, राकेश, आशीष, प्रिया, काजल, ममता, पिंकी, राखी और सैकड़ों बच्चे शामिल हुए।
