लातेहार: माओवादी संगठन के विरुद्ध कार्रवाई में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिणामाड़ में अभियान चलाकर कुख्यात माओवादी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईयां (उर्फ दिलीप/प्रताप/अवधेश जी) और एरिया कमांडर बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से एक ऑटोमैटिक एके-47, एके-47 का मैगजीन और छह जिंदा गोली, इंसास रायफल की 15 जिंदा गोली, लेवी के रूप में वसूले गए एक लाख 60 हजार रुपये, एक वायरलेस सेट, संगठन का पर्चा, एक टैब समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। 

इस संबंध में एसपी लातेहार कुमार गौरव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हरिणामाड़ के जंगलों में नक्सली गतिविधि के संबंध में सूचना मिली थी। जिसपर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस क्रम में तीन नक्सली भागने में सफल रहे, जबकि 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख का इनामी एरिया कमांडर बबलू राम को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हथियार, नकद रुपये और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

एसपी ने कहा कि कुख्यात मृत्युंजय भुइयां पर कोयला शंख जोन में 104 कांड दर्ज है। पुलिस बल पर हमला, आइईडी ब्लास्ट सहित कई जघन्य कांडों में संलिप्तता रही है। वहीं कुख्यात नक्सली बबलू राम पर भी कई कांड दर्ज हैं। 

 

By Admin

error: Content is protected !!