रांंची: पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर सीताराम रजवार उर्फ रमन रजवार को गिरफ्तार किया है। उग्रवादी पर झारखंड और बिहार में 50 से ज्यादा मामले दर्ज है। कई बड़ी नक्सली घटनाओं में सीताराम रजवार की संलिप्तता बताई जाती है। सीताराम बिहार के औरंगाबाद जिले के एनटीपीसी थाना क्षेत्र का रहनेवाला है और उसपर बिहार में तीन लाख और झारखंड में 10 लाख का इनाम है।
गिरफ्तारी के संबंध पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि किसी घटना को अंजाम देने के लिए सफेद चुटिया पहाड़ पर नक्सलियों के जुटे होने की गुप्त सूचना मिली थी। जिसपर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद के नेतृत्व में टीम का गठन कर सफेद चुटिया पहाड़ में अभियान चलाया गया। जिसमें एक उग्रवादी सीताराम रजवार को गिरफ्तार किया गया है। वह 2001 में बिहार के माली थाना लूटकांड में आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की हत्या, 2009 में मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के माहुर में पोलिंग पार्टी को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ाने सहित कई हत्याकांडों और जधन्य वारदातों में संलिप्त रहा है।