रांची: घाटशिला उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने शुक्रवार को नामांकन कराया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो साथ रहे। वहीं नामांकन को लेकर घाटशिला ब्लॉक मैदान में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के नामांकन को आयोजित जनसभा में काफी भीड़ उमड़ी।
सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने संबोधित किया। उन्होंने जनता से घाटशिला में परिवर्तन के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार झारखंड को लूट रही है। इस चुनाव के माध्यम से सरकार को संदेश देना है और झारखंड को लुटेरों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों से बचाना है।
अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बिद्युत वरण महतो सहित एनडीए गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।