चतरा: नेहरू युवा केन्द्र चतरा के तत्वाधान में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू विद्यालय चतरा के प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी विशिष्ट अतिथि गंधरिया पंचायत के मुखिया अनीता यादव, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू विद्यालय चतरा के प्रधानाध्यापक सतीश लाल गुप्ता, नेहरू युवा केन्द्र चतरा की उपनिदेशक ललिता कुमारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। नेहरू युवा केन्द्र चतरा की उप-निदेशक ललिता कुमारी ने विषय वस्तु एवं स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए नेहरू युवा केन्द्र के द्वारा आयोजित 12 जनवरी से 18 जनवरी 2024 तक कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें नारा लेखन में वर्षा रानी, निधि कुमारी, दीप्ति नमन टोप्पो, निबंध में अर्चना कुमारी, विद्या कुमारी, राजनंदनी कुमारी, चित्रकला में सोनी कुमारी, रितिक रौशन, जितेंद्र कुमार ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में सभी सफल प्रतिभागियों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिक्षिका सीमा श्रीवास्तव, शिक्षक श्याम किशोर, नेहरू युवा केन्द्र चतरा के हीरा चौधरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक जयनाथ कुमार यादव, पूजा कुमारी, सुनील कुमार, मनोज कुमार यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
