चतरा: नेहरू युवा केंद्र चतरा के तत्वाधान में राजकीय मध्य विद्यालय खरीक में “कैच द रैन” जल संचयन जागरूकता अभियान शनिवार को चलाया गया। “कैच द रैन” जल संचयन जागरूकता अभियान के तृतीय चरण के तहत जल संरक्षण, जल शपथ, नारा लेखन, चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
अभियान का शुभारंभ नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक ललिता कुमारी, राजकीय मध्य विद्यालय के प्राचार्य श्याम किशोर एवं अन्य शिक्षकों ने जल शपथ के साथ किया गया। मौके पर नेहरू युवा केन्द्र चतरा की उपनिदेशक ललिता कुमारी ने पानी की बर्बादी एवं बचाने का समुचित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि जल को देशीय वृक्ष-रोपण कर तथा आदतों में बदलाव लाकर भी संचित किया जा सकता है, मसलन- झरनों को छोटा करना तथा ब्रश करते वक्त पानी का नल खुला न छोड़ना। जल संरक्षण का अर्थ है जल के प्रयोग को घटाना एवं सफाई, निर्माण एवं कृषि आदि के लिए अवशिष्ट जल का पुनःचक्रण (रिसाइक्लिंग) करना।
राजकीय मध्य विद्यालय के प्राचार्य श्याम किशोर ने कहा कि भारत में वर्षा काफी अच्छी मात्रा में होती है। लेकिन फिर भी यहां पानी की समस्या है। यह एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय समस्या है। जल को संरक्षित करके इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
इसके लिए निम्नलिखित उपाय हैं जैसे प्रतिदिन प्रयोग किए जाने वाले जल की मात्रा को कम करना, जल को बिना आवश्यकता के बेकार नहीं बहाना, आने वाली पीढ़ियों को जल का महत्व समझाना,धुलाई में प्रयुक्त जल को घरेलू पौधों की सिंचाई हेतु प्रयोग करना तथा जिस जल से सब्जी धुलती है उसे अपने बगीचे के पौधे में पुनः प्रयोग करना, फलों, सब्जियों तथा अन्य भोजन सामग्री को धोने के लिए बहते जल के स्थान पर हमें जल से भरा बर्तन का प्रयोग करना, बाथरूम एवं शौचालय में पानी की टपकन या पानी के रिसाव को रोकना, कृषि में टपकन सिंचाई का प्रयोग करें, हमें गिलास में उतना ही पानी लेना चाहिए जितना हमें पीने के लिए आवश्यक हो, गिलास में जरा-सा भी जल मत छोड़िए, जलाशयों जैसे- झीलों, नदियों आदि में कूड़ा-करकट फेंकने तथा कपड़े धोने से बचना चाहिए, घरों की छतों पर वर्षा जल का संग्रह करके इसे भूमि पर बने साफ-सुथरे गड्ढों में संग्रहित करना चाहिए। ऐसे कई तरीके को अपनाकर भूमिगत जल के स्तर को बढ़ाया जा सकता है। तत्पश्चात जल संरक्षण हेतू नारा लेखन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान चुनमुन कुमारी, द्वितीय स्थान अभिषेक कुमार एवं तृतीय स्थान सत्यम कुमार ने प्राप्त किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में दीपिका कुमारी, जागृति कुमारी, अस्सलाम आलम ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सफल बनाने में शिक्षिका इशरत बानो, सुशांत कुमार, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक जयनाथ कुमार यादव, मनोज कुमार यादव का सराहनीय योगदान रहा।