रांची: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था नेहरू युवा केंद्र रांची के द्वारा बुंडू प्रखंड के पांच परगना किसान कॉलेज में जिला स्तरीय आस पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरूण कुमार, विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ तारकेश्वर कुमार, प्रो. सुरेश कुमार गुप्ता, प्रो. भूतनाथ हजाम उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरू युवा केंद्र रांची के उपनिदेशक सर्वेंद्र प्रताप सिंह ने की। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जी 20 के 20 राष्ट्र के प्रतिनिधि छात्रों ने अपने-अपने देश के विषयों की बहुत ही बेहतरीन प्रस्तुति दी।
वहीं द्वितीय सत्र में यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें सदन की स्पीकर सर्वसम्मति से सोनाली कुमारी का चयन किया गया। सदन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, मोटे अनाज के प्रोत्साहन सहित कई चीजों पर चर्चा की गई। इसके बाद कॉलेज के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के प्रभारी नेहरू युवा केंद्र, रांची के स्वयंसेवक जगदीश कुमार थे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन नेहरू युवा केंद्र, रांची के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक गौरव चुघ के द्वारा दिया गया।
मौके पर मुख्य रूप से नेहरू युवा केंद्र, रांची से रानी गुप्ता, वर्षा मुंडा, राज कुमार, बुधराम मुंडा, हरिकृष्ण महतो, दुर्गा चरण महतो, कंचन कुमारी, ममता कुमारी, विकास कुमार महतो सहित कई लोग मौजूद थे।
